ग्राम समाचार, गोड्डा। राज्य में व्यापक भ्रष्टाचार और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ आजसू पार्टी प्रखंड समिति के कार्यकर्ताओं ने गोड्डा प्रखंड कार्यालय में हल्ला बोल कार्यक्रम आयोजित किया।
राज्य में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की असंतोषजनक स्थिति को देखते हुए, आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा। साथ ही अविलम्ब कार्रवाई की मांग करती है। इस मांग पत्र में मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित किया गया।
1. जमीन संबंधी दाखिल खारिज: अंचल कार्यालय में जमा आवेदनों का शीघ्र निष्पादन हो और पंजी 2 में दर्ज जीरो प्लॉट की समस्या का समाधान किया जाए।
2. आबुआ आवास चयन में पारदर्शिता: जरूरतमंद और निर्धन परिवारों को इसका समुचित लाभ मिल सके।
3. मनरेगा योजनाओं का क्रियान्वयन: सिंचाई कूप और अन्य योजनाओं का क्रियान्वयन और भुगतान जल्द से जल्द हो, ताकि वर्षा से पहले कार्य पूरे हो सकें।
4. छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र: जाति, आय, और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने में शीघ्रता लाई जाए ताकि गरीब छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से वंचित न हों।
5. कृषि संसाधनों की आपूर्ति: सभी किसानों को खाद और बीज की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
6. बिजली आपूर्ति: भीषण गर्मी को देखते हुए प्रखंड में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
7. कर्मचारियों की उपस्थिति: प्रखंड और अंचल कार्यालय में समस्त कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
8. झारखंड आंदोलनकारियों की प्राथमिकता: सरकारी योजनाओं में झारखंड आंदोलनकारियों और उनके परिवारों को प्राथमिकता दी जाए।
9. पेंशनधारियों का भुगतान: सभी पेंशनधारियों का नियमित और निर्बाध भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
10. राशन आपूर्ति: सभी राशन कार्डधारियों को समय पर राशन की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और राशन में कटौती बंद की जाए।
11. खराब चपकालों की मरम्मत: खराब पड़े सभी चपकालों को जल्द से जल्द ठीक किया जाए।
मौके पर हल्ला बोल कार्यक्रम में आजसू जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार महतो, प्रखंड अध्यक्ष श्यामसुन्दर महतो, जिला सचिव बजरंग महतो, वरिष्ट नेता परीक्षित राज सिंह, मो. उमर, शशिकांत पोद्दार, मजरुल हक, अजय महतो, निर्मल महतो, सुजन महतो, गुड्ड महतो, दिनेश मण्डल पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें