आज शुक्रवार को बनारसी देवी प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय महागामा की राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाध्यापिका डॉ मधुलिका मेहता के सेवानिवृत्ति के उपलक्ष में विद्यालय परिसर में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्हें पुष्प गुच्छ, शॉल, पुस्तक, डायरी, कलम, छाता देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए अंचल अधिकारी डॉ खगेन महतो ने कहा कि शिक्षा जगत में आपके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। हम आपके सुखद, स्वस्थ और सफल भविष्य की कामना करते हैं। वही झारखंड अधिविध परिषद के सदस्य मो० सिराजुद्दीन ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते हैं वे जीवन पर्यंत सीखने सिखाने वाले होते हैं। शिक्षक और सड़क एक समान होते हैं जो अपनी जगह स्थिर रहकर मंजिल तक पहुंचाने का काम करते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड ऑफिसर्स टीचर्स एंड एम्पलाइज फेडरेशन के जिला उपाध्यक्ष सह अनुमंडल प्रवक्ता रीतेश रंजन ने कहा कि डॉ मधुलिका मेहता ने अपने विद्यार्थियों को सिर्फ विषयों का ज्ञान नहीं दिया बल्कि जीने की सही राह भी दिखाई। उन्होंने हर छात्र को व्यक्तिगत रूप से समझा, उसकी ताकत को पहचाना और उसकी कमजोरियों को दूर करने में मदद की। उनका मधुर वाणी, धैर्य और स्नेह पूर्ण व्यवहार को हम कभी नहीं भूल सकते। आपके द्वारा दी गई शिक्षा और प्रेरणा सदैव हमारे दिलों में जीवित रहेगा।
विदाई समारोह में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी आलोक कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार, झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के क्षेत्र अध्यक्ष निलेश कुमार, राजेंद्र पंडित, इंटर कॉलेज महागामा के सेवानिवृत प्राचार्य परमानंद प्रसाद, सेवानिवृत्त शिक्षक सतीश झा, शिक्षक गंगेश गुंजन, शाह आलम, विनोद गुप्ता, मो हिदायत, निर्मल केसरी समेत दर्जनों शिक्षक, शहर के शिक्षा प्रेमी और विद्यालय की छात्राएं उपस्थित थे।
- ग्राम समाचार, गोड्डा।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें